सूर्य प्रकाश ओझा
गोरखपुर। मुझसे गलती हो गई…” यह कहते हुए आरोपी रवि प्रताप की नजरें मंगलवार सुबह झुक गईं, जब उरुवा बाजार पुलिस ने उसे पत्नी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया। उसकी गिरफ्तारी ने गांव में दहशत के साथ-साथ मृतका के मायके वालों को न्याय की उम्मीद भी दी है।
उरुवा बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम देवराजपार बुजुर्ग की है, जहां रवि प्रताप (पुत्र कृष्णमुरारी) और उसकी पत्नी के बीच पिछले कुछ दिनों से घरेलू विवाद चल रहा था। रविवार देर रात मामूली कहासुनी ने हिंसा का रूप ले लिया। गुस्से में बेकाबू रवि ने किचन में रखे सिलबट्टे से पत्नी के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। खून से लथपथ पत्नी कराहती रही, मगर आरोपी ने एक न सुनी। परिवार वाले उसे आनन-फानन में अस्पताल लेकर गए, लेकिन सोमवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही उरुवा बाजार पुलिस मौके पर पहुंच गई। मृतका की मां ने आरोपित दामाद के खिलाफ हत्या की तहरीर दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक दक्षिणी जितेंद कुमार व क्षेत्राधिकारी गोला दरवेश कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक श्यामदेव चौधरी ने टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की। मंगलवार सुबह कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने आरोपी रवि प्रताप को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त सिलबट्टा (पत्थर) भी बरामद कर लिया गया, जिसे पुलिस ने साक्ष्य के रूप में सुरक्षित रखा है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक श्यामदेव चौधरी, उप निरीक्षक भानु प्रताप यादव, कांस्टेबल अग्निवेश कुमार, दीपक कुमार यादव, इसराफिल अहमद और महिला कांस्टेबल अमीषा सिंह शामिल रहीं।
ग्रामीणों के मुताबिक, आरोपी आए दिन पत्नी पर शक करता और झगड़ता था। “हमने कभी नहीं सोचा था कि वह ऐसा कदम उठा लेगा,” पड़ोस में रहने वाली वृद्धा शांति देवी ने कहा कि घटना ने छोटे बच्चों के सिर से मां का साया छीन लिया। घर में सन्नाटा पसरा है, मासूम बच्चों की आंखें दरवाजे पर टिकी हैं, शायद उन्हें अभी भी इंतजार है कि उनकी मां लौट आए।
उधर, पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि आरोपी को कठोरतम सजा दिलाकर मृतका को न्याय दिलाया जाएगा। इंसानियत को झकझोर देने वाली यह घटना एक बार फिर घरेलू हिंसा और पारिवारिक झगड़ों की भयावह परिणति का उदाहरण बन गई है, जिसने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया है।