“शिविर में दिल्ली फोर्टिस एस्कॉर्ट्स हॉस्पिटल के वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. नीरज अवस्थी स्वयं करेंगे परामर्श”
गोरखपुर, 28 जुलाई। पूर्वांचल के हृदय रोगियों, विशेषकर बच्चों के लिए अवसर लेकर आ रहा है शाही ग्लोबल हॉस्पिटल, तारामंडल। आगामी 30 जुलाई 2025 (बुधवार) को यहां प्रातः 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक एक विशेष एडवांस पीडियाट्रिक कार्डियोलॉजी कैम्प का आयोजन किया जा रहा है, जो न केवल चिकित्सकीय दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व की दृष्टि से भी प्रेरक उदाहरण है।
इस शिविर की विशेषता यह है कि इसमें दिल्ली के सुप्रसिद्ध फोर्टिस एस्कॉर्ट हार्ट इंस्टीट्यूट से डॉ. नीरज अवस्थी, जो संस्थान के पेडियाट्रिक कार्डियोलॉजी विभाग के अध्यक्ष एवं निदेशक हैं, स्वयं गोरखपुर पधार रहे हैं। वे बच्चों के हृदय संबंधी रोगों की सीधी जांच, परामर्श एवं निदान करेंगे।
शिविर की मुख्य विशेषताएँ :
इकोकार्डियोग्राफी सहित सभी हृदय संबंधी जाँचें 50% रियायत पर की जाएंगी।
जिन बच्चों को हृदय शल्य चिकित्सा (ऑपरेशन) की आवश्यकता होगी, उनका इलाज पूर्णतः निःशुल्क कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री राहत कोष, सांसद निधि एवं सामाजिक संगठनों के सहयोग से आर्थिक रूप से कमज़ोर परिवारों की संपूर्ण सहायता सुनिश्चित की जाएगी।
इस शिविर के संयोजक एवं शाही ग्लोबल हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. शिवशंकर शाही ने बताया “ यह हम सभी के लिए हर्ष और सेवा का विषय है कि हृदय रोगों की अत्यंत जटिल श्रेणी में देश के शीर्ष विशेषज्ञों में शुमार डॉ. नीरज अवस्थी जी गोरखपुर आकर परामर्श देंगे। बच्चों में हृदय रोग के इलाज की लागत अत्यधिक होती है, परंतु सरकार द्वारा संचालित योजनाओं एवं मुख्यमंत्री राहत कोष के माध्यम से अभी तक किसी बच्चे का इलाज धनाभाव में रुका नहीं है। ऐसे में यह शिविर विशेष रूप से जनकल्याण हेतु समर्पित है।”


