गोरखपुर, 16 अगस्त। श्रीबालाजी मंदिर, विद्युत उपकेंद्र, तारामंडल में इस वर्ष श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व अत्यंत धूमधाम और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। अवसर पर मंदिर परिसर भक्ति-संगीत, झांकियों और रासलीलाओं से गुंजायमान रहा।
विशेष आकर्षण के रूप में श्रीधाम वृन्दावन से पधारे सुप्रसिद्ध संत पं. नीरज बावरा जी ने अपनी अमृतवाणी से भक्तों को श्रीकृष्ण जन्म की महिमा तथा गीता उपदेश का संदेश दिया। उनके प्रवचन से श्रद्धालु भावविभोर हो उठे और देर रात तक कीर्तन-भजन का क्रम चलता रहा।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में समिति के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का सराहनीय सहयोग रहा। अंत में अध्यक्ष श्री जितेन्द्र मणि तिवारी, उपाध्यक्ष श्री अमितेश्वर दुबे, सचिव एवं आयोजक श्री अशुतोष कुमार सिंह ‘राजेश सिंह’ तथा समिति के अन्य सम्मानित सदस्यों की ओर से सभी भक्तजनों व सहयोगियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया गया।