गोरखपुर ब्यूरो निष्पक्ष टुडे :-
गोरखनाथ मंदिर में लगातार दूसरे दिन जनता दर्शन, करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं; अधिकारियों को समयबद्ध और निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश
गोरखपुर, 27 जून। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने गोरखपुर प्रवास के दौरान शनिवार को लगातार दूसरे दिन गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में आमजन की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार जरूरतमंदों के इलाज और आवास की व्यवस्था कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा किसी भी पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।

महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने करीब 200 लोगों से मुलाकात की। उन्होंने स्वयं लोगों के बीच जाकर एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं, प्रार्थना पत्र प्राप्त किए तथा संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को तत्काल और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
महत्वपूर्ण बिंदु:
🔹 करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनकर अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
🔹 जरूरतमंदों को सरकारी योजना के तहत आवास उपलब्ध कराने का भरोसा
🔹 गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक सहायता का आश्वासन
🔹 एम्स दिल्ली में उपचाररत महिला को मुख्यमंत्री राहत कोष से मदद का भरोसा
🔹 गोरखपुर एम्स और बीआरडी मेडिकल कॉलेज में इलाज की व्यवस्था कराने के निर्देश
🔹 जमीन कब्जाने वाले दबंगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश
🔹 बच्चों को दुलारते हुए शिक्षा के प्रति किया प्रेरित, वितरित की चॉकलेट
जनता दर्शन के दौरान एक महिला ने मुख्यमंत्री से अपने पास रहने के लिए मकान न होने की समस्या बताई। इस पर मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि उन्हें सरकारी आवास योजना का लाभ दिलाया जाएगा। वहीं, इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे लोगों को उन्होंने भरोसा दिया कि धन के अभाव में किसी भी जरूरतमंद का उपचार नहीं रुकेगा।

मुख्यमंत्री ने एक महिला, जिनका उपचार एम्स दिल्ली में चल रहा है, को मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। वहीं, एक अन्य महिला की चिकित्सा संबंधी समस्या पर अधिकारियों को निर्देशित किया कि उनका इलाज गोरखपुर एम्स अथवा बीआरडी मेडिकल कॉलेज में सुनिश्चित कराया जाए।

जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि यदि कोई दबंग किसी की जमीन पर जबरन कब्जा करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।


