प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल की अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की को बधाई दी है. नेपाल में Gen Z के उग्र और हिंसक विरोध-प्रदर्शन के बाद पड़ोसी देश में ओली सरकार के पांव उखड़ गए. प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली को अपनी कुर्सी छोड़नी पड़ी. इसके बाद नेपाल में ऐसे लीडर की तलाश शुरू हो गई जो न केवल युवाओं की पसंद हो, बल्कि टूरिज्म पर आधारित लैंडलॉक्ड देश को पटरी पर लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सके. 5000 से ज्यादा लोगों की बैठक में ज्यादातर सदस्यों ने सुशीला कार्की के नाम पर सहमति दर्ज कराई है. बतौर जज अपने कार्यकाल में सुशीला कार्की न सिर्फ भ्रष्टाचार बल्कि आतंकवाद के खिलाफ भी सख्त रुख अपना चुकी हैं. यही वजह है कि वो जेन-जी की पहली पसंद बनीं और 73 साल की उम्र में नेपाल की सियासत का प्रमुख चेहरा बन गईं.

