मऊ.
मथुरा पुलिस द्वारा शातिर बदमाश पंकज यादव के मारने के बाद मऊ जिले की पुलिस को गुरुवार की भोर में बड़ी सफलता मिली। पुलिस ने रैनी गांव के बाग के पास 50 हजार के इनामिया बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। पुलिस की तरफ से की गई जवाबी कार्रवाई में बदमाश के दोनों पैरों में गोली लगी है। पुलिस ने उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
यह है पूरा मामला.
एसपी इलामारन जी ने बताया कि मुखबिर कि सुचना पर इनामिया बदमाश आफताब के रैनी में होने की सूचना मिली। जिसके बाद क्षेत्राधिकारी नगर अंजनी कुमार पांडेय के नेतृत्व में एसओजी/स्वाट/सर्विलांस और थाना दक्षिणटोला, कोपागंज पुलिस टीम ने दक्षिणटोला थाना क्षेत्र के ग्रामसभा रैनी के बाग के पास से घेराबंदी कर दी।
इस दौरान बदमाश ने पुलिस टीम को देखकर फायरिंग शुरू कर दिया, जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम द्वारा भी फायरिंग की गई। पुलिस की कार्रवाई में आफताब के दोनों पैरो में गोली लगी।
बताया कि पुलिस मुठभेड़ में घायल आफताब मुहम्मदाबाद कोतवाली से गैंगस्टर एक्ट में वांछित आरोपी है। वह आजमगढ़ जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के सठियांव चौराहा निवासी है। इस पर पुलिस द्वारा 50 हजार का इनाम घोषित है। घायल बदमाश के पास से एक तमंचा, 2 कारतूस, बाइक बरामद किया गया।
