321 पिपराइच विधानसभा — ईआरओ/अपर एसडीएम सदर सुदीप तिवारी ने की विस्तृत समीक्षा, सुपरवाइजरों को दिए सख्त निर्देश गोरखपुर। विधानसभा क्षेत्र 321 पिपराइच में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से ईआरओ/अपर एसडीएम सदर सुदीप तिवारी ने सुपरवाइजरों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने अब तक हुए कार्यों की गहन समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि गणना प्रपत्रों (Enumeration Forms) के भरने और सत्यापन में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में उपस्थित सभी सुपरवाइजरों को अपने दायित्वों के प्रति सजग रहकर कार्य करने पर बल दिया गया।
अपर एसडीएम ने बताया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य निर्वाचन प्रक्रिया की मूलभूत कड़ी है, इसलिए इसकी शुद्धता और समयबद्धता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सुपरवाइजर अपने-अपने अधीनस्थ बीएलओ द्वारा भरे जा रहे गणना प्रपत्रों की नियमित रूप से जांच करें और सुनिश्चित करें कि प्रपत्रों की प्रत्येक प्रविष्टि सटीक व अद्यतन हो। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बीएलओ को सही दिशा में मार्गदर्शन देना और उनकी कार्यप्रगति पर नजर रखना सुपरवाइजरों की जिम्मेदारी है।
समीक्षा के दौरान ईआरओ सुदीप तिवारी ने बताया कि आज स्वयं 28 बीएलओ के बूथों पर पहुंच कर मौके पर जाकर गणना प्रपत्रों की स्थिति का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि कुछ बूथों पर कार्य संतोषजनक गति से चल रहा है, जबकि कुछ स्थानों पर गति धीमी है। इस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने कहा कि पुनरीक्षण कार्य में देरी किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं है। उन्होंने सभी सुपरवाइजरों को निर्देशित किया कि प्रतिदिन शाम तक प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराना अनिवार्य है। रिपोर्ट में कितने घरों का सर्वे हुआ, कितने प्रपत्र भरे गए, सत्यापन की क्या स्थिति है, सभी सूचनाएं स्पष्ट रूप से दर्ज हों।
ईआरओ ने कहा कि गणना कार्य के दौरान यदि कोई तथ्य अस्पष्ट लगे या किसी घर में मतदाता से संबंधित कोई विशेष स्थिति हो, तो बीएलओ को सटीक जानकारी लेकर ही प्रपत्र भरना चाहिए। सुपरवाइजरों को निर्देशित किया गया कि वे बीएलओ के साथ लगातार संपर्क बनाकर रखें और जिन क्षेत्रों में समस्या आ रही हो, वहां स्वयं जाकर निरीक्षण करें। उन्होंने कहा कि यदि गणना प्रपत्र भरने या सत्यापन के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न होती है, तो उसे तुरंत अवगत कराएं, जिससे समय रहते समाधान किया जा सके।
अपर एसडीएम ने यह भी कहा कि बूथ स्तर पर प्राप्त जानकारियों का मिलान पूर्ववर्ती मतदाता सूची से किया जाए। यदि किसी मतदाता की मृत्यु हो चुकी है या वह स्थानांतरित हो गया है, तो उनका नाम हटाने की प्रक्रिया तत्परता से पूरी की जाए। इसी तरह जिन मतदाताओं का नाम छूटा हुआ है, उन्हें सूची में जोड़ने की प्रक्रिया तत्काल की जाए। उन्होंने कहा कि यह कार्य केवल सरकारी जिम्मेदारी न होकर लोकतांत्रिक दायित्व है, जिसमें सजगता और निष्पक्षता अत्यंत आवश्यक है।
बैठक में मौजूद सभी सुपरवाइजरों से ईआरओ सुदीप तिवारी ने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समयसीमा में लक्ष्य पूर्ण करना अनिवार्य है।
ईआरओ ने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य लोकतंत्र को मजबूत करने का आधार है। इसलिए हर अधिकारी और कर्मचारी का दायित्व है कि वह पूरी ईमानदारी और तत्परता के साथ इस कार्य को समय पर पूरा करे, जिससे विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित तैयार हो सके बैठक में 321 विधानसभा चुनाव का कार्य देख रहे ईश्वर यादव सभी सुपरवाइजर मौजूद रहे।

