मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश ने की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग
गोरखपुर में एसआईआर कार्यों की समीक्षा, डीएम दीपक मीणा को दिए आवश्यक निर्देश
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मंगलवार को लखनऊ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जिलों के साथ निर्वाचन कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान गोरखपुर से जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीएम दीपक मीणा, उप जिला निर्वाचन अधिकारी/एडीएम (वित्त) विनीत कुमार सिंह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी शंकर मिश्र तथा सभी उप जिलाधिकारी ऑनलाइन माध्यम से बैठक में जुड़े। बैठक का मुख्य उद्देश्य विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा करना रहा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश देते हुए कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य को पूरी पारदर्शिता, शुद्धता और समयबद्धता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में अवश्य जोड़ा जाए, ताकि कोई भी योग्य मतदाता सूची से वंचित न रह जाए। वहीं जहां मतदाता का स्थानांतरण हो गया है या मृत्यु हो चुकी है, वहां नाम हटाने की प्रक्रिया पूरी सावधानी से की जाए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने यह भी कहा कि जिन जनपदों में गणना प्रपत्र बीएलओ को नहीं उपलब्ध कराया गया है वहां समय से गणना प्रपत्र (काउंटिंग फॉर्म) उपलब्ध कराए जाएं, ताकि वे घर-घर जाकर सत्यापन का कार्य शीघ्रता से पूरा कर सकें। उन्होंने सभी बीएलओ को निर्देशित किया कि वे प्रत्येक घर पहुंचकर मतदाता सूची की जांच करें और नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर करें।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में गोरखपुर ई डिस्टिक में एसडीएम सदर दीपक गुप्ता, एसडीएम चौरीचौरा कुंवर सचिन सिंह, एसडीएम कैंपियरगंज सिद्धार्थ पाठक, एसडीएम सहजनवा केशरी नंदन तिवारी, एसडीएम खजनी राजेश प्रताप सिंह, एसडीएम बांसगांव प्रदीप सिंह और एसडीएम गोला अमित जायसवाल अपर एसडीएम सदर सुदीप तिवारी मौजूद रहे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के सुपरवाइजरों और बीएलओ से सतत संपर्क बनाए रखें तथा प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट जिला निर्वाचन अधिकारी को भेजें। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन आयोग का लक्ष्य पारदर्शी और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करना है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही या विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस अवसर पर डीएम दीपक मीणा ने बताया कि गोरखपुर जिले में एसआईआर कार्य तेजी से प्रगति पर है। सभी तहसीलों में सुपरवाइजरों और बीएलओ को आवश्यक प्रशिक्षण एवं सामग्री उपलब्ध कराई जा चुकी है। जिले के सभी बीएलओ को शत-प्रतिशत गणना प्रपत्र उपलब्ध करा दिए गए हैं, और अब वे घर-घर जाकर मतदाताओं को प्रपत्र वितरित कर रहे हैं। फॉर्म-6, 7, 8 एवं 8ए के माध्यम से नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
डीएम ने कहा कि गोरखपुर प्रशासन निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन कर रहा है और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि जिले की मतदाता सूची शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित तैयार हो। उन्होंने सभी एसडीएम से अपने-अपने क्षेत्र की नियमित समीक्षा करने तथा किसी भी समस्या का तत्काल समाधान कराने के निर्देश दिए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अंत में कहा कि लोकतंत्र की सशक्त नींव सटीक मतदाता सूची पर आधारित होती है। इसलिए सभी अधिकारी मिशन मोड में कार्य करें ताकि आगामी विधानसभा निर्वाचन निष्पक्ष और पारदर्शी रूप से संपन्न हो सके।
बताया गया कि गणना प्रपत्रों को भरने के लिए पंद्रह दिन का समय निर्धारित किया गया था। वर्तमान तक प्रदेशभर में लगभग 60 प्रतिशत प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं, जबकि गोरखपुर जिले में बीएलओ को शत-प्रतिशत गणना प्रपत्र दे दिए गए हैं और वे घर-घर जाकर मतदाताओं को प्रपत्र बांटने और भरवाने का कार्य कर रहे हैं।

