चिकित्सा प्रभारी ने अस्पताल का किया निरीक्षण, भारी कमियां मिलीं
बड़हलगंज/गोरखपुर(निष्पक्ष टुडे) बड़हलगंज क्षेत्र में स्थित रमावती हॉस्पिटल को लेकर विवाद सामने आया है। स्वास्थ्य विभाग की निरीक्षण टीम ने क्लीनिक में कई अनियमितताएं सहित भ्रूण जांच,अवैध गर्भपात सहित कई अवैध चिकित्सकीय कार्य पाए जाने की रिपोर्ट दी है वहीं क्लीनिक संचालक ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों पर अवैध रूप से क्लीनिक में प्रवेश करने, धमकी देने और लूटपाट का गंभीर आरोप लगाया है।पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतें दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डेरवां डा श्रवण कुमार तिवारी ने स्थानीय पुलिस को दिए अपनी तहरीर में बताया कि रमावती हॉस्पिटल के निरीक्षण में तमाम अनियमितताएं पाई गईं। टीम ने पाया कि आयुर्वेदिक पंजीकरण के बावजूद छह बेड वाला एलोपैथिक अस्पताल संचालित हो रहा था। एलोपैथिक दवाओं, इंजेक्शन और सर्जिकल उपकरण इत्यादि बरामद किए गए।
निरीक्षण के दौरान तमाम ऐसी दवाएं व औजार मिले जिनसे यह साबित होता है कि यहां अवैध रूप से लिंग परीक्षण व गर्भपात कराया जाता है जो जनहित व समाज के लिए सर्वथा घातक है। उन्होंने जांच में संचालक द्वारा टीम के साथ सहयोग न करने और अभद्रता करने का भी उल्लेख किया गया है। प्रशासन से इस पूरे मामले को जनहित से जुड़ा एक गंभीर विषय मानते हुए प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर गहन जांच की सिफारिश की है।वहीं अस्पताल संचालक ने बिना अनुमति क्लीनिक और आवासीय परिसर में घुसने, 30 हजार रुपए मांगने व न देने पर उनके गले से 15 ग्राम की सोने की चेन ले लेने का आरोप लगाया है।संचालक का दावा है कि उन्हें धमकी दी गई कि “अगर किसी से कहा तो एफआईआर करा देंगे।” इस घटना के सीसीटीवी फुटेज और गवाह के रूप में पत्नी और भांजी के होने का भी दावा किया गया है। इस सम्बन्ध में थाना प्रभारी चंद्र भान सिंह ने दोनों पक्षों से शिकायतें प्राप्त होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी, जिसमें दोनों पक्षों द्वारा प्रस्तुत साक्ष्यों और रिपोर्टों का गहनता से अध्ययन किया जाएगा।

