बडहलगंज/गोरखपुर(निष्पक्ष टुडे): चिल्लूपार विधान सभा क्षेत्र के राप्ती नदी पर मोदी-योगी सरकार द्वारा स्वीकृत किया गया बडा पक्का पुल और पुल के पास तक नया प्रधानमंत्री सड़क कछारांचल के लिए किसी वरदान से कम नहीं है ।
उक्त आशय का उद्गार प्रेस विज्ञप्ति के जरिए व्यक्त करते हुए चिल्लूपार विधायक राजेश त्रिपाठी ने कहा कि गोरखपुर जनपद के बड़हलगंज ब्लाक का अकेले बैरियाखास ही लगभग 10 हजार की आबादी का गांव है, उधर देवरिया जनपद के बरहज विधान सभा क्षेत्र का मोहरा समोगर गांव भी बहुत बड़ी आबादी वाला है । इन दोनों घाटों पर आजादी के पहले से बड़ी-छोटी नावों वाला घाट चलता था । आजादी के बाद से ही दोनों ओर के निवासी पुल की मांग करते आ रहे थे । 2018 में इस घाट पर पीपे का पुल बन कर तैयार हुआ जिसका लोकार्पण सांसद बांसगांव कमलेश पासवान ने हमारी और बरहज के विधायक सुरेश तिवारी की उपस्थिति में किया था । उस समय ही जनता की मांग पर यह आश्वासन दिया गया था कि पीपे के पुल की जगह पांच वर्ष में पक्का पुल बनेगा । मगर बाद में सेमरा में पुल है ही, कहकर शासन ने इसे ठंढे बस्ते में डाल दिया।
मगर इधर के दो वर्षों में हमारे लगातार प्रयास से इस पुल के निर्माण के लिए योगी सरकार ने 71 करोड 69 लाख रूपए का शासनादेश जारी कर दिया ।
साथ ही इस राप्ती के कछारांचल को एक और तोहफा मिला है जिससे दर्जनों गांवों की राह तो आसान होगी ही साथ ही राम जानकी मार्ग से बराव पकड़ी होते देवरिया मुख्यालय को अतिरिक्त मार्ग मिल जायेगा । और वह तोहफा है पिडहनी से बैरियाखास तक 8600 मीटर प्रधानमंत्री सड़क जो लगभग 7 करोड से बनेगी ।
चिल्लूपार विधायक ने कहा कि हमारे इस प्रस्ताव को केंद्रीय मंत्रिमंडल से स्वीकृत कराने के लिए केन्द्रीय ग्रामीण राज्य मंत्री और सांसद कमलेश पासवान के प्रति आभार प्रकट कर रहा हूं। साथ ही योगी सरकार के प्रति भी आभार व्यक्त कर रहा हूं ।
विधायक राजेश त्रिपाठी ने कहा कि उन्हें इस बात की संतुष्टि है कि विधायकी कालखण्ड में राप्ती नदी पर रकहट और असवनपार पुल की स्वीकृति भी हुई और निर्माण भी पूरा होकर जनता को समर्पित किया गया । साथ ही राप्ती पर ही सेमरा खुर्द का अधूरा पुल पूरा करा कर जनता को सौंपा गया और अब यह बैरियाखास का पुल और प्रधानमंत्री सड़क भी कछारांचल के लिए बरदान साबित होगा।