स्थापना दिवस पर लेखपाल संघ का सेवा संकल्प
वृद्धाश्रम व असहायों के बीच फल-कंबल वितरण
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के स्थापना दिवस पर शुक्रवार को तहसील सदर स्थित संघ भवन में सामाजिक सरोकारों से जुड़ा विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। समारोह की शुरुआत संघ भवन परिसर में मां सरस्वती और संघ के संस्थापक अध्यक्ष मुरारी लाल शर्मा के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। पदाधिकारियों और उपस्थित लेखपाल साथियों ने संस्थापक के योगदान को याद करते हुए उनके दिखाए आदर्श मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराया।
संघ पदाधिकारियों ने कहा कि लेखपाल संघ सिर्फ राजस्व कार्यों और संगठनात्मक गतिविधियों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि समाज की सेवा और मानवता के उत्थान के लिए सतत सक्रिय रहना ही इसकी मूल पहचान है। स्थापना दिवस इसी भावना को आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान करता है।
माल्यार्पण कार्यक्रम के बाद लेखपाल संघ की टीम ने गोकुल वृद्धाश्रम पहुंचकर वहां रह रहे वृद्धजनों का हालचाल जाना और उनके बीच फल वितरण किया। वृद्धजनों ने लेखपाल संघ के इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अवसर उनके जीवन में भावनात्मक सहारा लेकर आते हैं। बदलते मौसम और ठंड के कारण वृद्धजनों ने इस मानवीय पहल को विशेष रूप से सराहा।
इसके बाद संघ के पदाधिकारी और सदस्य मुबारक शहीद मजार के पास पहुंचे, जहां रह रहे असहाय एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को कंबल और फल वितरित किए गए। ठंड में राहत पहुंचाने वाले इस कदम से लोगों के चेहरों पर संतोष और प्रसन्नता झलक उठी। स्थानीय लोगों ने लेखपाल संघ के सेवा प्रयासों को सराहनीय और प्रेरणादायक बताया।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष धनंजय कुमार श्रीवास्तव, जिलाध्यक्ष जगदीश प्रसाद, जिला संगठन मंत्री मोहम्मद जावेद खान, तहसील अध्यक्ष अनिल, तहसील मंत्री रत्नेश सिंह, समेत बड़ी संख्या में लेखपाल साथी उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने एक स्वर में कहा कि सेवा और सहयोग की यह परंपरा आगे भी जारी रहेगी।
लेखपाल संघ का यह स्थापना दिवस समारोह न केवल संगठन एकता का प्रतीक रहा बल्कि समाज के प्रति समर्पण और जिम्मेदारी की संदेशवाहक भी बना। कार्यक्रम के अंत में पदाधिकारियों ने बताया कि आगे भी ऐसे सेवा कार्य नियमित रूप से बनाए रखे जाएंगे, ताकि जरूरतमंदों तक समय-समय पर मदद पहुंचती रहे।

