बस्ती। सपा नेता व पूर्व जिलाध्यक्ष संतकबीरनगर जिले के रामवृक्ष यादव ने बीजेपी के सहयोगी दल के कैबिनेट मंत्री पर अपनी हत्या की साजिश का सनसनीखेज आरोप लगाया।
राम वृक्ष ने आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी हत्या के लिए मंत्री और उनकी पार्टी के राजनैतिक प्रतिद्वंद्वियों ने एक करोड़ रुपए इकट्ठा किए हैं, उनकी हत्या की सुपारी देने की साजिश चल रही है। सपा नेता संतकबीरनगर जिले के पूर्व जिलाध्यक्ष ने अपनी हत्या की साजिश को लेकर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को पत्र लिखा है।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को लिखे पत्र में उन्होंने कहा है कि विगत दिनों राजनैतिक प्रतिद्वंद्वियों की साजिश से हत्या के मामले में मैं 17 सालों तक जेल में बंद था। 17 साल बाद माननीय उच्च न्यायालय इलाहाबाद द्वारा मुझे छोड़ा गया। विगत दो सालों से मैं पार्टी की नीतियों पर जनहित के ज्वलंत मुद्दों को उठा रहा हूं। विगत दिनों मुझे विश्वस्त सूत्रों से जानकारी मिला है कि मंत्री और कुछ राजनैतिक प्रतिद्वंदी मेरी हत्या की साजिश रच रहे हैं। सपा को जिले में कमजोर करने और मुझे अपने रस्ते का कांटा समझ कर मुझे रस्ते से हटाने की कोशिश की जा रही है ।