थाना उरुवा का डीआईजी ने किया आकस्मिक निरीक्षण, अभिलेखों के रखरखाव और साफ-सफाई का दिए निर्देश
गोरखपुर। शनिवार को डीआईजी रेंज गोरखपुर एस.एस. चन्नप्पा ने थाना उरुवा बाजार का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना कार्यालय में प्रचलित अभिलेखों, महिला हेल्प डेस्क, साइबर हेल्प डेस्क तथा नवगठित मिशन शक्ति केंद्र का बारीकी से अवलोकन किया।
डीआईजी ने अभिलेखों के रखरखाव को संतोषजनक पाए जाने के साथ ही उन्हें और अधिक सुव्यवस्थित तथा अद्यावधिक (अप-टू-डेट) रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अभिलेख समय-समय पर अपडेट किए जाएं और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
इसके अलावा उन्होंने महिला हेल्प डेस्क और साइबर हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को त्वरित व संवेदनशील सहायता मिलनी चाहिए तथा मामलों की समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
नवगठित मिशन शक्ति केंद्र का निरीक्षण करते हुए डीआईजी ने सुरक्षा, सुविधाओं और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने परिसर की सफाई व्यवस्था की भी समीक्षा की और संबंधित स्टाफ को नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के स्पष्ट निर्देश दिए।
डीआईजी चन्नप्पा ने अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को अपने व्यवहार, कार्यालय व्यवस्था और जनसहयोग को प्राथमिकता में रखने की हिदायत देते हुए कहा कि थाने की व्यवस्था में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी सहित संबंधित पुलिस स्टाफ मौजूद रहा।

