गोरखपुर ब्यूरो निष्पक्ष टुडे :-
मिलेनियम सिटी परिसर में सैकड़ों योग साधकों ने किया योग, स्वस्थ जीवन और भारतीय संस्कृति के संरक्षण का दिया संदेश
गोरखपुर, 21 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर गोरखपुर स्थित मिलेनियम सिटी परिसर में भारतीय योग संस्थान द्वारा भव्य सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम भारतीय योग संस्थान की संगठन मंत्री श्रीमती रेनू द्विवेदी एवं जिला कार्यकारिणी सदस्य श्री संजय शर्मा की अध्यक्षता तथा क्षेत्रीय अध्यक्ष राप्ती नगर श्री संजय पाण्डेय के संरक्षण में सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम का सफल संचालन एवं समुचित व्यवस्था क्षेत्रीय मंत्री राप्ती नगर श्रीमती रेनू श्रीवास्तव एवं केंद्र प्रमुख श्रीमती बबीता मिश्रा के कुशल निर्देशन में की गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में योग साधकों, संस्थान के पदाधिकारियों एवं विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का संदेश दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गोरखपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष श्री ओंकार द्विवेदी तथा मिलेनियम सिटी समिति के मंत्री श्री अभिषेक मिश्रा रहे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ बनाती है। उन्होंने सभी लोगों से नियमित रूप से योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों एवं योग साधकों ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए समाज में योग के व्यापक प्रचार-प्रसार का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन शांति पाठ के साथ हुआ।


