ब्यूरो प्रभारी-वेद प्रकाश यादव
गोला बाजार।गोला कोतवाली के नवागत प्रभारी निरीक्षक चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने के बाद रविवार को उन्होंने कोतवाली में तैनात समस्त पुलिसकर्मियों से परिचय प्राप्त किया तथा थाना क्षेत्र की भौगोलिक एवं कानून-व्यवस्था संबंधी जानकारी ली। इसके उपरांत थाने पहुंचे फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके विधिसम्मत निस्तारण के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ द्वारा थाना प्रभारियों के स्थानांतरण किए गए हैं। इसी क्रम में गोला कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक प्रहलाद सिंह का स्थानांतरण साइबर विभाग में किया गया है, जबकि एम्स थाना में तैनात प्रभारी निरीक्षक सी.पी. पाण्डेय को गोला कोतवाली की जिम्मेदारी सौंपी गई है। रविवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान सीपी पांडेय ने कहा कि शासन एवं प्रशासन के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को त्वरित एवं निष्पक्ष न्याय दिलाने के लिए पुलिस पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करेगी। उन्होंने बताया कि भूमि संबंधी विवादों के मामलों में राजस्व विभाग के सक्षम अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का मुख्य उद्देश्य ऐसे मामलों में शांति व्यवस्था बनाए रखना और कानून के अनुरूप कार्रवाई करना होगा। उन्होंने कहा कि पुलिस का दरवाजा आम जनता और पीड़ितों के लिए हमेशा खुला रहेगा। कोई भी व्यक्ति अपनी समस्या लेकर थाने पहुंच सकता है और उसे न्याय दिलाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। सीपी पाण्डेय मूल रूप से गाजीपुर जनपद के निवासी हैं। वे 1999 बैच के पुलिस अधिकारी हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा गांव में हुई, जबकि उच्च शिक्षा प्रयागराज से प्राप्त की। लगभग पांच माह पूर्व उनका स्थानांतरण मिर्जापुर से गोरखपुर जनपद में हुआ था। जनपद में उनकी पहली तैनाती एम्स थाना में हुई थी, जहां से स्थानांतरित होकर अब उन्हें गोला कोतवाली की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

