उनवल नगर पंचायत में पानी संकट गहराया
वार्ड-3 में अराजक तत्वों ने स्टार्टर पैनल तोड़ा, सप्लाई ठप—लोगों में रोष
ब्यूरो प्रभारी संतोष कुमार त्रिपाठी खजनी गोरखपुर
खजनी थाना के नगर पंचायत उनवल के वार्ड नंबर 3 टेकवार में एक बार फिर अराजक तत्वों की करतूत ने आम जनता को भारी परेशानी में डाल दिया। देर रात अज्ञात व्यक्ति ने पानी की टंकी का ताला तोड़कर अंदर लगे स्टार्टर पैनल को क्षतिग्रस्त कर दिया। जिसकी वजह से उस नलकूप से होने वाली पानी सप्लाई पूरी तरह बाधित हो गई। सुबह से ही लोगों को पेयजल के लिए जद्दोजहद करनी पड़ रही है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी दो–तीन बार इसी तरह टंकी की मशीनरी तोड़ी गई है,पर वह व्यक्ति अभी तक पुलिस की पकड़ से दूर है जिसके नाते उसके हौसले बुलंद हैं और ऐसे घिनौने कृत्य का खामियाजा आम जन को भुगतना पड़ रहा है। महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे पानी के लिए भटक रहे हैं।वार्ड 3,1,सहित वार्ड 9 का आंशिक हिस्से में पानी की सप्लाई बाधित है जिसकी वजह से लोगों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है। उन्होंने मांग की कि पुलिस तुरंत दोषियों का पता लगाकर सख्त कार्रवाई करे और नगर पंचायत प्रशासन सुरक्षा की ठोस व्यवस्था सुनिश्चित करे, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
इधर नगर पंचायत कर्मचारियों ने मौके का निरीक्षण कर स्टार्टर पैनल को दुरुस्त करने का कार्य शुरू करा दिया है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सप्लाई सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।
उक्त के विषय मे चौकी इंचार्ज राजीव तिवारी ने बताया कि तहरीर मिल गयी है मौके पर गये थे पुलिस जांच कर रही हैं जल्द ही ऐसा करने वाला पकड़ा जाएगा।

