गोरखपुर ब्यूरो निष्पक्ष टुडे :-
कोतवाली क्षेत्र की घटना से व्यापारियों में आक्रोश, पुलिस जांच में जुटी
गोरखपुर, संवाददाता। कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित जुबली कॉम्प्लेक्स में बीती रात चोरों ने एक दुकान का शटर तोड़कर करीब 1.75 लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली। चोरी की यह पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जुबली कॉम्प्लेक्स में स्थित एक्सपेयर इंडिया नामक दुकान के संचालक अमीरुल्लाह अंसारी ने बताया कि दुकान बंद करते समय उन्होंने एक व्यापारी को भुगतान करने के लिए 1 लाख 60 हजार रुपये नगद दुकान में रखे थे। इसके अलावा दिनभर की बिक्री के करीब 15 हजार रुपये भी दुकान में मौजूद थे।
बताया जा रहा है कि देर रात अज्ञात चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया और दुकान में रखी कुल करीब 1 लाख 75 हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए।
सुबह जब दुकान मालिक दुकान खोलने पहुंचे तो शटर टूटा हुआ मिला और दुकान के अंदर रखी नकदी गायब थी। इसके बाद उन्होंने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए जांच शुरू कर दी।
दुकान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में चोरी की वारदात कैद होने की बात सामने आई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।


