-
इंटर कॉलेज की भूमि पर गैस गोदाम संचालन का आरोप, डीएम से कार्रवाई की मांग
– एसडीएम की जांच में 0.075 हेक्टेयर भूमि पर गैस गोदाम संचालित होने की पुष्टि
– पूर्व जिला पंचायत सदस्य ने 15 वर्ष के एग्रीमेंट और सुरक्षा मानकों पर उठाए सवाल
अरविंद कुमार (ब्यूरो चीफ)
नौतनवा। तहसील क्षेत्र के ग्राम मुड़िला स्थित इंटर कॉलेज की भूमि पर कथित रूप से अवैध गैस गोदाम संचालित किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पूर्व जिला पंचायत सदस्य नरसिंह पांडेय ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि विद्यालय की भूमि का व्यावसायिक उपयोग करते हुए गैस गोदाम संचालित किया जा रहा है, जो नियमों के विपरीत है।
शिकायती पत्र के अनुसार ग्राम मुड़िला स्थित इंटर कॉलेज की गाटा संख्या 944 में कुल 1.773 हेक्टेयर भूमि दर्ज है। आरोप है कि इसी भूमि के एक हिस्से में अवैध रूप से गैस गोदाम संचालित किया जा रहा है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, पूर्व में इस मामले की जांच उप जिलाधिकारी नौतनवा द्वारा की गई थी। आठ जुलाई 2026 को भेजी गई जांच रिपोर्ट में एसडीएम ने स्वयं स्वीकार किया है कि करीब 0.075 हेक्टेयर भूमि पर गैस गोदाम संचालित है।
शिकायत में कहा गया है कि गोदाम संचालक की ओर से विद्यालय की भूमि के संबंध में 15 वर्ष का एग्रीमेंट प्रस्तुत किया गया है। आरोप है कि यह एग्रीमेंट गाटा संख्या का उल्लेख किए बिना किया गया है। शिकायतकर्ता ने इसे उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता 2006 की धारा 101 तथा माध्यमिक शिक्षा अधिनियम के प्रावधानों के विपरीत बताया है। साथ ही गैस गोदाम संचालन में विस्फोटक अधिनियम और सुरक्षा मानकों के पालन पर भी सवाल उठाए गए हैं।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य ने जिलाधिकारी से एसडीएम की जांच रिपोर्ट के आधार पर मामले में उचित कार्रवाई करने तथा विद्यालय की भूमि को कथित अवैध उपयोग से मुक्त कराने की मांग की है। अब प्रशासन की कार्रवाई पर सभी की नजर है।






