14 व 17 वर्ष आयु वर्ग में खिलाड़ियों ने जीते स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक; 19 वर्ष आयु वर्ग के मुकाबले देर शाम तक जारी। संवाददाता – एस.पी. सिंह सहजनवां, (गोरखपुर)। मुरारी इंटर कॉलेज, सहजनवां में चल रही पांच दिवसीय राज्य स्तरीय ताइक्वांडो खेल प्रतियोगिता के दूसरे दिन रविवार को बालिका वर्ग के मुकाबले रोमांच […]
14 व 17 वर्ष आयु वर्ग में खिलाड़ियों ने जीते स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक; 19 वर्ष आयु वर्ग के मुकाबले देर शाम तक जारी।
संवाददाता – एस.पी. सिंह
सहजनवां, (गोरखपुर)।
मुरारी इंटर कॉलेज, सहजनवां में चल रही पांच दिवसीय राज्य स्तरीय ताइक्वांडो खेल प्रतियोगिता के दूसरे दिन रविवार को बालिका वर्ग के मुकाबले रोमांच और उत्साह से भरपूर रहे। प्रदेश के विभिन्न मंडलों से पहुंची 19 बालिका टीमों की खिलाड़ियों ने अलग-अलग आयु एवं भार वर्गों में अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
दूसरे दिन 14 वर्ष एवं 17 वर्ष आयु वर्ग के मुकाबले संपन्न हुए, प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट तकनीक, अनुशासन और खेल भावना का परिचय देते हुए दर्शकों को रोमांचित किया।
14 वर्ष आयु वर्ग में गोरखपुर की नीलू पाण्डेय और श्रृष्टि ने जीते स्वर्ण।
14 वर्ष आयु वर्ग के मुकाबलों में गोरखपुर की नीलू पाण्डेय ने 35 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया। इसी भार वर्ग में गोरखपुर की श्रृष्टि ने भी स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं मुरादाबाद की शिवानी ने 38 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता।
इस आयु वर्ग में लखनऊ की सृष्टि और आगरा की निशा ने 35 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक प्राप्त किया। मिर्जापुर की इशिका कुमारी ने 38 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में रजत पदक जीता।
कांस्य पदक की बात करें तो मुरादाबाद की दिव्यांशी रघुवंशी ने 35 किलोग्राम भार वर्ग में तथा मुरादाबाद की विद्या और मिर्जापुर की इकरा खान ने 38 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया।
17 वर्ष आयु वर्ग में भी खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन।
17 वर्ष आयु वर्ग में भी बालिका खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। इस वर्ग में वैष्णवी साहू, रिशिता, नव्या और कनक ने स्वर्ण पदक हासिल कर अपनी श्रेष्ठता साबित की।
वहीं परी, पायल, प्राची और दीपा ने रजत पदक अपने नाम किया। छवि और मुश्कान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया।
तहसीलदार ने खिलाड़ियों को पहनाए पदक, बढ़ाया उत्साह।
दूसरे दिन आयोजित पदक वितरण समारोह में मुख्य अतिथि सहजनवां तहसीलदार चंद्र शेखर वर्मा ने विजेता खिलाड़ियों को पदक पहनाकर सम्मानित किया और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए खेलों को अनुशासन, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतियोगिता के संयोजक संयुक्त शिक्षा निदेशक, सप्तम मंडल गोरखपुर सतीश सिंह तथा जिला विद्यालय निरीक्षक गोरखपुर अजीत कुमार सिंह सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, आयोजन समिति के सदस्य, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।
19 वर्ष आयु वर्ग के मुकाबले जारी।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन बालिका वर्ग में 14 और 17 वर्ष आयु वर्ग के मुकाबले संपन्न होने के बाद 19 वर्ष आयु वर्ग के मुकाबले समाचार लिखे जाने तक जारी थे। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के कारण प्रतियोगिता स्थल पर पूरे दिन उत्साह का माहौल बना रहा।