गोरखपुर ब्यूरो / निष्पक्ष टुडे
यूपीसीसी की कमान मिलने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह, अधिवक्ताओं और नेताओं ने मिठाई खिलाकर जताई खुशी

गोरखपुर। कांग्रेस आलाकमान द्वारा रामपुर खास की विधायक श्रीमती आराधना मिश्रा ‘मोना’ को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (यूपीसीसी) का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए जाने के बाद गोरखपुर जनपद और बांसगांव क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। इस नियुक्ति को संगठन को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण कदम बताते हुए स्थानीय कांग्रेस नेताओं, अधिवक्ताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रसन्नता व्यक्त की और नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
वीरेंद्र कुमार शुक्ल एडवोकेट के नेतृत्व में मना जश्न
आराधना मिश्रा ‘मोना’ को प्रदेश कांग्रेस की कमान सौंपे जाने पर गोला तहसील क्षेत्र के मामखोर गांव निवासी, सिविल बार एसोसिएशन बांसगांव के पूर्व अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी विधि विभाग के प्रदेश सचिव वीरेंद्र कुमार शुक्ल एडवोकेट के नेतृत्व में स्थानीय अधिवक्ताओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की। इस दौरान सभी ने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष के सफल कार्यकाल की कामना करते हुए इसे पार्टी के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर बताया।

‘मोना’ के अनुभव से संगठन को मिलेगी नई मजबूती
इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं विधि विशेषज्ञ वीरेंद्र कुमार शुक्ल एडवोकेट ने कहा कि श्रीमती आराधना मिश्रा ‘मोना’ का राजनीतिक और विधायी अनुभव काफी महत्वपूर्ण है। उन्हें प्रदेश संगठन की जिम्मेदारी सौंपा जाना कांग्रेस के लिए सकारात्मक कदम है।
उन्होंने विश्वास जताया कि आराधना मिश्रा ‘मोना’ के कुशल, ऊर्जावान और दूरदर्शी नेतृत्व में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी संगठनात्मक मजबूती की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। उनके नेतृत्व में पार्टी नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ेगी और कार्यकर्ताओं को संगठन से जोड़ने के प्रयासों को गति मिलेगी।






