ब्यूरो चीफ नीलम सिंह
अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अयोध्या में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश की आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के सम्मान, महिला सशक्तिकरण तथा बाल पोषण को लेकर सरकार ने अपनी प्राथमिकताएं सामने रखीं। कार्यक्रम के दौरान 02 लाख 91 हजार 162 आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के खातों में डीबीटी के माध्यम से साड़ी के लिए धनराशि अंतरित की गई। कार्यक्रम में टेक होम राशन यानी टीएचआर पर आधारित लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया।
विज्ञापन (In-Article Banner - Fluid)
Direct / AdSense Ad Slot
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री श्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पिछले वर्षों में उत्तर प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में ऐतिहासिक परिवर्तन हुआ है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा एवं सम्मान, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और इन्द्रधनुष टीकाकरण जैसे क्षेत्रों में व्यापक काम हुआ है।
सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि किसान, मजदूर, महिलाएं, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां, आशा बहनें, स्वास्थ्यकर्मी और शिक्षा मित्र समेत समाज के विभिन्न वर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भव्य एवं दिव्य विकास की आधारशिला रखी गई है और उत्तर प्रदेश विकसित प्रदेश की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि छह वर्ष तक के बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य की जिम्मेदारी संभालने वाली आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां विकसित भारत की मजबूत नींव तैयार कर रही हैं।
वहीं महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार मंत्री श्रीमती बेबी रानी मौर्य ने कहा कि मुख्यमंत्री की सोच और मार्गदर्शन के परिणामस्वरूप राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के नवीन पोषण मानकों के अनुरूप पूरे प्रदेश में एक साथ रेसिपी आधारित अनुपूरक पुष्टाहार व्यवस्था लागू करने वाला उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य बना है।
बेबी रानी मौर्य ने कहा कि लाभार्थियों को दिए जा रहे रेसिपी आधारित पुष्टाहार में स्वाद और पोषण दोनों का ध्यान रखा गया है। स्थानीय स्तर पर उत्पादन और आपूर्ति की नई व्यवस्थाएं विकसित की गई हैं। इसके साथ ही आंगनवाड़ी केन्द्रों पर बच्चों के लिए हॉट कुक्ड मील की व्यवस्था भी की गई है।
महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार राज्य मंत्री श्रीमती प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि उत्तर प्रदेश में ऐसा वातावरण तैयार हुआ है, जहां नारी का सम्मान प्रदेश की पहचान बन चुका है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति ही उत्तर प्रदेश की प्रगति की वास्तविक शक्ति है।
कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव, महिला कल्याण एवं बाल विकास श्रीमती लीना जौहरी ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य श्री हरि ओम पाण्डेय, विधायक श्री वेद प्रकाश गुप्ता, श्री रामचन्द्र यादव, डॉ. अमित सिंह चौहान, श्री अभय सिंह, श्री चन्द्रभानु पासवान, अयोध्या के महापौर महन्त गिरीश पति त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रोली सिंह, बीजेपी महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के उपरान्त मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर और श्री हनुमानगढ़ी मंदिर में दर्शन-पूजन किया।
कुल मिलाकर अयोध्या के इस कार्यक्रम में सरकार ने एक साथ नारी सम्मान, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों के प्रोत्साहन, बच्चों के पोषण और महिला सशक्तिकरण को केंद्र में रखा। 2 लाख 91 हजार 162 कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के खातों में डीबीटी के जरिए धनराशि हस्तांतरण को सरकार की ओर से जमीनी स्तर पर काम करने वाली महिला कर्मियों के सम्मान और प्रोत्साहन के महत्वपूर्ण कदम के रूप में प्रस्तुत किया गया।




