युवाओं से खिलवाड़ करने वालों का तबाह कर देंगे करियर : सीएम योगी
गोरखपुर मंडल के 50 हजार विद्यार्थियों को वितरित किए गए टैबलेट, मुख्यमंत्री ने कहा- युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा
सपा पर साधा निशाना, बोले- 2017 से पहले भर्तियों में मुन्ना भाई और सैफई सिंडिकेट का था दबदबा
युवाओं को दी सीख- रील नहीं, अपना फ्यूचर स्क्रॉल करें; तकनीक का इस्तेमाल करें, लेकिन उसके गुलाम न बनें
गोरखपुर, 20 नवंबर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि प्रदेश के युवाओं के भविष्य और उनके करियर के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। युवाओं के रोजगार, शिक्षा और भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों का अपना करियर तबाह कर दिया जाएगा। सरकार युवाओं को निष्पक्ष अवसर उपलब्ध कराने, भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाने और नकल माफियाओं तथा पेपर लीक करने वाले गिरोहों पर कठोर कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब किसी भी युवा को अपनी योग्यता साबित करने के लिए किसी सिफारिश या अनुचित साधन का सहारा लेने की आवश्यकता नहीं है। प्रतिभा, मेहनत और योग्यता के आधार पर युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को गोरखपुर के चंपा देवी पार्क में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के दूसरे चरण के अंतर्गत आयोजित टैबलेट वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान गोरखपुर मंडल के गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज जिलों के कुल 50 हजार विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने मंच से 23 विद्यार्थियों को अपने हाथों से टैबलेट प्रदान कर योजना का लाभ दिया। इनमें गोरखपुर जनपद के 35 हजार तथा देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज के पांच-पांच हजार विद्यार्थी शामिल रहे।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में युवाओं को शिक्षा, तकनीक, रोजगार, स्वरोजगार, उद्यमिता और राष्ट्र निर्माण से जुड़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आज का युवा केवल अपने परिवार की जिम्मेदारी निभाने वाला नहीं, बल्कि प्रदेश और देश के भविष्य को दिशा देने वाला महत्वपूर्ण स्तंभ है। इसलिए सरकार की प्राथमिकता है कि युवाओं को आधुनिक तकनीक, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में वर्ष 2017 से पहले सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता का अभाव था। नौकरियों पर कुछ विशेष गिरोहों और प्रभावशाली लोगों का कब्जा रहता था। उस समय मुन्ना भाई और सैफई सिंडिकेट का बोलबाला था। युवाओं की मेहनत और प्रतिभा पर अनुचित तरीके से पानी फेर दिया जाता था। लेकिन वर्तमान सरकार ने ऐसी व्यवस्था को समाप्त कर दिया है। अब उत्तर प्रदेश में भर्ती प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने नकल माफियाओं और पेपर लीक करने वालों के खिलाफ सख्त कानून बनाया है। इसमें दोषी पाए जाने पर आजीवन कारावास, एक करोड़ रुपये तक जुर्माना और पैतृक संपत्ति जब्त करने जैसे कड़े प्रावधान किए गए हैं। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी युवा के भविष्य के साथ कोई खिलवाड़ न कर सके।
साढ़े नौ वर्षों में पौने दस लाख युवाओं को मिली सरकारी नौकरी
सरकारी नौकरियों को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के पूर्व में दिए गए व्यंग्यात्मक बयानों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी सरकार के कार्यकाल में हुई भर्तियों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश सरकार ने लगभग पौने दस लाख युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी नौकरियों के नियुक्ति पत्र उपलब्ध कराए हैं।
मुख्यमंत्री ने हालिया नियुक्तियों का उल्लेख करते हुए बताया कि 25 अगस्त को कृषि विभाग में 3572 युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए। 19 सितंबर को स्वास्थ्य विभाग में 818 युवाओं को रोजगार मिला। 22 सितंबर को शिक्षा विभाग में 3568 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इसी तरह 28 सितंबर को पंचायती राज विभाग में 1375 युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए।
उन्होंने बताया कि आठ अक्टूबर को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती बोर्ड द्वारा चयनित 470 कुशल खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। पांच नवंबर को 28 फॉरेंसिक साइंटिस्ट, छह नवंबर को 4543 उपनिरीक्षकों तथा 11 नवंबर को राजस्व विभाग में 1146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र दिए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये आंकड़े बताते हैं कि प्रदेश में सरकारी भर्ती की प्रक्रिया किस गति और पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ रही है। अब युवाओं को अपनी योग्यता के आधार पर अवसर मिल रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश का कोई भी योग्य युवा रोजगार के अवसरों से वंचित न रहे।
आठ हजार लेखपाल और 32 हजार पुलिसकर्मियों को जल्द मिलेगा नियुक्ति पत्र
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समारोह के मंच से युवाओं के लिए एक और महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने बताया कि प्रदेश में आठ हजार लेखपालों की भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अगले एक सप्ताह के भीतर उन्हें नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त 32 हजार पुलिसकर्मियों की भर्ती का सत्यापन अंतिम चरण में है। नवंबर के अंतिम सप्ताह अथवा दिसंबर के प्रथम सप्ताह तक इन चयनित अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति पत्र उपलब्ध करा दिए जाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि 42 हजार से अधिक होमगार्डों की भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। आगामी 26 जनवरी तक औसतन प्रत्येक पांचवें या सातवें दिन एक बड़ा नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित होता रहेगा। इससे स्पष्ट है कि प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार देने के अपने संकल्प को लगातार आगे बढ़ा रही है।
आर्यवर्धन की मौत पर जताया आक्रोश, अराजकता फैलाने वालों को दी चेतावनी
मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के रोड शो के दौरान 14 वर्षीय छात्र आर्यवर्धन सिंह की हुई दर्दनाक मौत का उल्लेख करते हुए एक बार फिर गहरा आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में राजनीतिक कार्यक्रमों के नाम पर अराजकता और गुंडागर्दी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि दसवीं कक्षा में पढ़ने वाला छात्र आर्यवर्धन अपनी छोटी बहन, जो कक्षा सात की छात्रा है, को केंद्रीय विद्यालय से लेने जा रहा था। इसी दौरान समाजवादी पार्टी के जुलूस के दौरान हुई घटना में उसकी जान चली गई। उन्होंने कहा कि आर्यवर्धन चौरीचौरा की ऐतिहासिक क्रांतिकारी परंपरा से जुड़े महान स्वतंत्रता सेनानी शिव पूजन सिंह के परिवार का सदस्य था।
मुख्यमंत्री ने इस घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए कहा कि किसी भी राजनीतिक दल को अपने कार्यक्रमों के दौरान आम नागरिकों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था की अनदेखी करने का अधिकार नहीं है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि प्रदेश में अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग चुनाव के समय सक्रिय होते हैं और चुनाव समाप्त होने के बाद अपने बिलों में दुबक जाते हैं। ऐसे लोगों को जनता के विकास और युवाओं के भविष्य की चिंता नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कानून का राज स्थापित करना सरकार की प्राथमिकता है।
नशे के सौदागरों के खिलाफ चलेगा विशेष अभियान
मुख्यमंत्री ने युवाओं को नशे से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि नशा किसी भी व्यक्ति, परिवार और समाज के भविष्य को कमजोर कर देता है। युवाओं की ऊर्जा का उपयोग राष्ट्र निर्माण, शिक्षा, रोजगार और सकारात्मक गतिविधियों में होना चाहिए।
उन्होंने घोषणा की कि प्रदेश सरकार ने माफिया और संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई के बाद अब नशे के सौदागरों के खिलाफ भी अत्यंत सख्त अभियान चलाने की तैयारी की है। नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी पूंजी है। यदि युवा नशे और गलत गतिविधियों से दूर रहकर अपनी ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग करेंगे तो प्रदेश और देश की प्रगति को नई गति मिलेगी।
टैबलेट को बताया चलती-फिरती यूनिवर्सिटी, 18 हजार से अधिक मुफ्त कोर्स उपलब्ध
स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना की उपयोगिता बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान वर्ष 2021 में प्रदेश सरकार ने युवाओं को डिजिटल तकनीक से जोड़ने का संकल्प लिया था। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर दो करोड़ युवाओं को टैबलेट और स्मार्टफोन उपलब्ध कराने की योजना शुरू की गई थी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना के पहले चरण में 60 लाख युवाओं को लाभ मिला। आईआईएम लखनऊ के अध्ययन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इस योजना का लाभ प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लगभग तीन करोड़ लोगों तक पहुंचा। अध्ययन के अनुसार 46 प्रतिशत युवाओं ने अपने परिवार में पहली बार किसी डिजिटल डिवाइस का उपयोग किया।
उन्होंने कहा कि युवाओं की मांग और आवश्यकता को देखते हुए योजना के दूसरे चरण में 25 लाख विद्यार्थियों को टैबलेट उपलब्ध कराए जा रहे हैं। लखनऊ में 50 हजार युवाओं को टैबलेट वितरित करने के बाद गोरखपुर में यह दूसरा बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने टैबलेट को युवाओं के लिए चलती-फिरती यूनिवर्सिटी बताते हुए कहा कि इसके माध्यम से विद्यार्थी दुनिया के किसी भी कोने में उपलब्ध ज्ञान और शैक्षिक सामग्री तक पहुंच सकते हैं। इसमें इंफोसिस के साथ साझेदारी के माध्यम से 18 हजार से अधिक मुफ्त ऑनलाइन कोर्स उपलब्ध कराए गए हैं।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपनी रुचि और आवश्यकता के अनुसार इन पाठ्यक्रमों का लाभ उठाकर तकनीकी ज्ञान, कंप्यूटर कौशल, प्रबंधन और रोजगार से जुड़ी नई जानकारियां हासिल कर सकते हैं। आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में केवल डिग्री प्राप्त करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि युवाओं को अपनी स्किल भी लगातार विकसित करनी होगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि युवा साथी ऐप के माध्यम से केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध होगी। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, मुख्यमंत्री युवा योजना, छात्रवृत्ति और इंटर्नशिप जैसी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर युवा अपने भविष्य की दिशा तय कर सकते हैं।
रील लाइफ और रियल लाइफ का अंतर समझें युवा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के बीच युवाओं को विशेष संदेश दिया। उन्होंने कहा कि तकनीक का इस्तेमाल करना अच्छी बात है, लेकिन तकनीक को अपने ऊपर हावी नहीं होने देना चाहिए। सोशल मीडिया ज्ञान और जानकारी प्राप्त करने का माध्यम बन सकता है, लेकिन इसका अनावश्यक उपयोग युवाओं के समय और ऊर्जा को बर्बाद कर सकता है।
उन्होंने कहा कि इंटरनेट पर दिखाई देने वाली प्रत्येक सामग्री सच नहीं होती। इसलिए किसी भी वीडियो, संदेश अथवा जानकारी को बिना जांचे-परखे साझा नहीं करना चाहिए। युवाओं को डिजिटल सुरक्षा और तथ्य जांचने की आदत विकसित करनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रील देखने में यदि युवा 30 सेकंड खर्च करते हैं तो उन्हें अपनी स्किलिंग और पढ़ाई के लिए भी प्रतिदिन पर्याप्त समय निकालना चाहिए। उन्होंने युवाओं से कहा कि रील नहीं, अपना फ्यूचर स्क्रॉल करें। फीड देखने के बजाय भविष्य को बेहतर बनाने पर ध्यान दें।
उन्होंने कहा कि युवाओं को यह समझना होगा कि रील लाइफ और रियल लाइफ में बहुत अंतर है। सोशल मीडिया पर दिखाई देने वाली चमक-दमक ही जीवन की वास्तविक सफलता नहीं है। वास्तविक सफलता मेहनत, अनुशासन, ज्ञान और कौशल से प्राप्त होती है।
उपद्रव से उत्सव की ओर बढ़ा उत्तर प्रदेश
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में कानून व्यवस्था और विकास की स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2017 के बाद उत्तर प्रदेश की यात्रा उपद्रव से उत्सव की यात्रा बनी है। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश में दंगे, आगजनी और कर्फ्यू की घटनाएं आम थीं। व्यापारियों में असुरक्षा की भावना थी और बेटियों की सुरक्षा को लेकर परिवार चिंतित रहते थे।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने कानून व्यवस्था को मजबूत किया है। अब प्रदेश में निवेश का माहौल तैयार हुआ है और व्यापारी बिना भय के अपना कारोबार कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश की पहचान विकास, सुरक्षा और अवसरों के नए प्रदेश के रूप में बन रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने अपराध और माफियाराज के खिलाफ कठोर कदम उठाए हैं। इसके लिए केवल इच्छाशक्ति की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने कभी माफियाओं और अपराधियों को संरक्षण दिया, उनसे प्रदेश के विकास और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की उम्मीद नहीं की जा सकती।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से निराशा को जीवन में स्थान न देने की अपील करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य को बदलना कभी असंभव माना जाता था, लेकिन दृढ़ इच्छाशक्ति और सही नीति से परिस्थितियां बदली जा सकती हैं।
मतदाता बनना और मतदान करना राष्ट्रीय कर्तव्य
मुख्यमंत्री ने युवाओं से लोकतांत्रिक व्यवस्था में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने वर्तमान में चल रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम और जनगणना 2027 का उल्लेख करते हुए कहा कि मतदाता बनना तथा मतदान करना प्रत्येक नागरिक का राष्ट्रीय कर्तव्य है।
उन्होंने बताया कि एक जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं में से अभी लगभग 25 प्रतिशत के नाम ही मतदाता सूची में शामिल हैं। शेष 75 प्रतिशत युवाओं के नाम जोड़े जाने बाकी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने टैबलेट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाएं।
मुख्यमंत्री ने युवाओं को फॉर्म छह, सात और आठ के उपयोग की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि नए मतदाता का नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म छह, गलत अथवा अपात्र नाम हटवाने के लिए फॉर्म सात और मतदाता सूची में आवश्यक स्थानांतरण अथवा संशोधन के लिए फॉर्म आठ का इस्तेमाल किया जाता है।
उन्होंने जनगणना 2027 के स्वगणना कार्यक्रम में भी युवाओं से सक्रिय भागीदारी करने की अपील की। कहा कि डिजिटल उपकरणों का उपयोग केवल मनोरंजन के लिए नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक और सामाजिक जिम्मेदारियों को निभाने के लिए भी किया जाना चाहिए।
साढ़े नौ वर्षों में तीन गुना हुई उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की आर्थिक प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2016-17 में उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था लगभग 12 लाख करोड़ रुपये की थी, जो आज बढ़कर लगभग 36 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। इसी तरह प्रति व्यक्ति आय और राज्य के बजट के आकार में भी लगभग तीन गुना वृद्धि हुई है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। देश के कुल एक्सप्रेसवे नेटवर्क में प्रदेश की हिस्सेदारी लगभग 60 प्रतिशत है। उत्तर प्रदेश में पांच अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट सहित कुल 17 एयरपोर्ट हैं। इसके साथ ही प्रदेश के कई प्रमुख शहरों में मेट्रो सेवाएं संचालित हो रही हैं।






