ब्यूरो प्रभारी —- विनय तिवारी बड़हलगंज/गोरखपुर(निष्पक्ष टुडे): बड़हलगंज ठोस अपशिष्ट प्रबन्धन (सूखा कचरा – गीला कचरा) से स्वच्छ वातावरण प्रोत्साहन के लिये नगरपंचायत बड़हलगंज में गणमान्य जनों के साथ सभासद, चेयरमैन और नगरपंचायत के अधिकारियों ने बैठक कर रणनीति बनाई। सोमवार को नगर पंचायत के विश्वनाथ उमर सभागार में सम्पन्न हुई बैठक को संबोधित करते […]
ब्यूरो प्रभारी —- विनय तिवारी
बड़हलगंज/गोरखपुर(निष्पक्ष टुडे): बड़हलगंज ठोस अपशिष्ट प्रबन्धन (सूखा कचरा – गीला कचरा) से स्वच्छ वातावरण प्रोत्साहन के लिये नगरपंचायत बड़हलगंज में गणमान्य जनों के साथ सभासद, चेयरमैन और नगरपंचायत के अधिकारियों ने बैठक कर रणनीति बनाई।
विज्ञापन (ADVERTISEMENT)
सोमवार को नगर पंचायत के विश्वनाथ उमर सभागार में सम्पन्न हुई बैठक को संबोधित करते हुये स्वच्छ भारत मिशन की जिला कार्यक्रम प्रबन्धक पूजा राय ने नगर में स्वच्छता को गति प्रदान करने के लिये जनता में जागरूकता अभियान चलाने के साथ घर – घर से कूड़ा उठाए जाने का सुझाव दिया। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रीति उमर ने कहा कि नगर पंचायत कर्मचारी अपनी पूरी ऊर्जा से नगर को स्वच्छ बनाने के लिये मेहनत करते हैं लेकिन उनकी मेहनत का सकारात्मक परिणाम तभी आएगा जब नगरवासी खुद जागरूक हों और कूड़ा निस्तारण में सहयोग देने के लिए आगे आये। उन्होंने अपील किया कि कूड़ा उठने के बाद कूड़ा फेंकने की आदत को सख्ती से बदला जाय, यह नगर की स्वच्छता और आम जन के स्वास्थ्य के लिए भी महत्वपूर्ण है। कई सभासदों ने वार्डो में सफाईकर्मियों की कमी का हवाला देते हुये नए सफाई कर्मियों की भर्ती किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया। जिस पर अधिशासी अधिकारी राम समुख ने कहा कि जल्द ही नए सफाई कर्मियों को भर्ती करने की योजना बनाई जा रही है, उन्होंने परीक्षण के तौर पर नगर के पांच वार्डो को चिन्हित कर घर – घर से कूड़ा उठाए जाने की शुरूआत करने की घोषणा किया, जिसका सभी सभासदों सहित अन्य लोगों ने स्वागत किया। चेयरमैन प्रतिनिधि महेश उमर ने नगर में कूड़ा प्रबन्धन के लिये योजना बनाने के लिए आम जन की सहभागिता पर बल देते हुये विश्वास जताया कि हम स्वच्छ भारत मिशन में सफलता का कीर्तिमान स्थापित करेंगे। उन्होंने नगर में स्वच्छता अभियान की सफलता के लिये सभासदों से सहयोग मांगते हुए अपील किया कि वे अपने वार्डो में गणमान्य जनों को साथ लेकर जनजागरुकता अभियान को गति प्रदान करें।
इस अवसर पर सभासद सुनील यादव, दीपक शर्मा, राकेश राय, सूरज सोनकर, दीपक गौड़, नियाज़ कुरैशी, सभासद प्रतिनिधि ऋषि चन्द, नगर पंचायत लिपिक सुनील कुमार, विपुल निषाद, रविन्द्र कुमार, जनसेवा संस्था के महामंत्री सन्तोष जायसवाल, भाजपा नेता अरविन्द सिंह, हरिकेश यादव, सुनील उर्फ बबलू मद्धेशिया, धीरेन्द्र तिवारी, अजीत राव, महेश पटेल, पप्पू यादव, आज़ाद, हिमांशू गौड़ आदि मौजूद रहे।
“स्वच्छ वार्ड को मिलेगा, 10 लाख के अतिरिक्त विकास का तोहफा”
नगर में स्वच्छता और कूड़ा प्रबन्धन के लिये चिन्तित नगर पंचायत प्रशासन ने बैठक कर रणनीति बनाई, जिसके तहत नगर के स्वच्छता की दिशा में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने के लिये चेयरमैन प्रीति उमर ने सभासदों का सहयोग मांगते हुये घोषणा किया कि प्रत्येक माह में नगर पंचायत के वार्डो में स्वच्छता का औचक निरीक्षण कराया जाएगा जो वार्ड स्वच्छता के मानकों पर सबसे आगे होगा उस वार्ड में विकास कार्यों की श्रृंखला में 10 लाख रुपए की लागत से अतिरिक्त विकास कार्यों को कराया जायेगा। उन्होंने स्वच्छता सर्वेक्षण करने के लिए जिला कार्यक्रम प्रबन्धक पूजा राय और अधिशासी अधिकारी रामसमुख को नामित किया।