गोलाबाजार।गोरखपुर के गोला बाजार में इंडोर स्टेडियम के निर्माण की मांग को लेकर स्थानीय युवाओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। युवाओं ने क्षेत्र में खेल – कूद के लिए उचित व्यवस्थाओं के साथ इंडोर और आउटडोर स्टेडियम बनाने की अपील की है।
गोलां बैडमिंटन क्लब के तत्वाधान में सभासद श्रवण कुमार वर्मा, महबूब अली, नौशाद आलम, आलोक वर्मा, निखिल कुमार, राजकुमार यादव, ऋषिकेश साहनी और अनिल कुमार सहित अन्य युवाओं ने यह ज्ञापन सौंपा। उन्होंने जिलाधिकारी को बताया कि क्षेत्र में युवाओं में खेल के प्रति गहरी रुचि और प्रतिभा है, लेकिन समुचित खेल सुविधाओं के अभाव में प्रतिभाशाली खिलाड़ी अपने कौशल का विकास नहीं कर पा रहे हैं। ज्ञापन में इस बात का उल्लेख किया गया है कि खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास और टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए उपयुक्त स्थान नहीं मिल पा रहा है, जिससे उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
युवाओं का मानना है कि एक सुव्यवस्थित इंडोर स्टेडियम के निर्माण से न केवल स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर मंच मिलेगा, बल्कि क्षेत्र के युवा खेलों की ओर आकर्षित होंगे। और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित होंगे, जिससे समग्र विकास को भी बल मिलेगा। युवाओं ने यह भी बताया कि वे पिछले लगभग 20 वर्षों से इस मांग को लेकर चेयरमैन, सांसद, अधिशासी अधिकारी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते आ रहे हैं।
वर्तमान मे भी स्थानीय विधायक, चेयरमैन, सांसद और अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन दिया जा चुका है, ज्ञापन में इस बात को भी चिंता जताई गई है कि नगर पंचायत गोला बाज़ार।
अब नगर पालिका बनने की ओर अग्रसर है, इसके बावजूद यहाँ एक अभी खेल – कूद का मैदान उपलब्ध नहीं है। युवाओं ने बताया कि नगर पंचायत क्षेत्र में पर्याप्त सरकारी भूमि मौजूद है, जहां इंडोर स्टेडियम का निर्माण आसानी से कराया जा सकता है। युवाओं ने जिलाधिकारी से आग्रह किया है कि वे इस मामले को गंभीरता से लें और गोला बाज़ार क्षेत्र मे एक आधुनिक इंडोर स्टेडियम के निर्माण के लिए आवश्यक कार्रवाई और दिशा – निर्देश जारी करें।