सूर्य प्रकाश ओझा/गोरखपुर /निष्पक्ष टुडे :- मोहनलालपुर में सोमवार को लगी थी भीषण आग, मंगलवार को गोदाम खोलने पर हुआ दर्दनाक खुलासा; जांच में जुटी पुलिस गोरखपुर।तिवारीपुर थाना क्षेत्र के मोहनलालपुर में सोमवार शाम फिनायल और तारपीन तेल के गोदाम में लगी भीषण आग ने एक बेकसूर मजदूर की जान ले ली। सोमवार की रात […]
सूर्य प्रकाश ओझा/गोरखपुर /निष्पक्ष टुडे :-
मोहनलालपुर में सोमवार को लगी थी भीषण आग, मंगलवार को गोदाम खोलने पर हुआ दर्दनाक खुलासा; जांच में जुटी पुलिस
गोरखपुर।तिवारीपुर थाना क्षेत्र के मोहनलालपुर में सोमवार शाम फिनायल और तारपीन तेल के गोदाम में लगी भीषण आग ने एक बेकसूर मजदूर की जान ले ली। सोमवार की रात जिस आग को बुझा हुआ मान लिया गया था, मंगलवार सुबह जब उस जले हुए गोदाम को दोबारा खोला गया, तो अंदर का खौफनाक मंजर देखकर हर कोई दहल उठा। गोदाम के भीतर एक मजदूर का पूरी तरह से जला हुआ शव बरामद हुआ है। मृतक की पहचान भोला उर्फ रामबदन (27 वर्ष) के रूप में हुई है, जो घटना के बाद से ही लापता था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सोमवार शाम को भड़की थी भीषण आग मची थीअफरा-तफरी –
जानकारी के अनुसार-
मोहनलालपुर निवासी कृष्णा गुप्ता (पुत्र स्व. रामेश्वर प्रसाद) के फिनायल और तारपीन तेल के गोदाम में सोमवार (28 सितंबर) की शाम अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई थी। गोदाम के अंदर अत्यधिक ज्वलनशील केमिकल और तेल होने के कारण आग ने चंद मिनटों में ही विकराल रूप धारण कर लिया था। आसमान में उठतीं आग की ऊंची लपटें और काले धुएं के गुबार को देखकर पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था। सूचना पर पहुंची तिवारीपुर पुलिस और दमकल विभाग की कई गाड़ियों ने भारी मशक्कत के बाद आसपास के घरों को खाली कराया और आग पर काबू पाया था।
परिजनों की सूचना पर मंगलवार को खुला गोदाम, तो सामने आई सच्चाई
सोमवार की रात राहत कार्य खत्म होने के बाद गोदाम को बंद कर सुरक्षित कर दिया गया था। मंगलवार सुबह महराजगंज जिले के सिंदुरिया थाना अंतर्गत ग्राम मुजहना बुजुर्ग से आए परिजनों ने पुलिस को सूचना दी कि उनका 27 वर्षीय बेटा भोला उर्फ रामबदन, जो इस गोदाम में मजदूरी करता था, सोमवार शाम से ही लापता है और उसका मोबाइल भी बंद आ रहा है। अनहोनी की आशंका होने पर पुलिस ने आनन-फानन में जले हुए गोदाम को दोबारा खुलवाया। मलबे के बीच तलाशी के दौरान अंदर एक व्यक्ति का पूरी तरह कोयला बन चुका शव बरामद हुआ।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की असली वजह –
शव इस कदर जल चुका था कि मौके पर शिनाख्त करना भी बेहद मुश्किल था, लेकिन कपड़ों और अन्य परिस्थितियों के आधार पर उसकी पहचान भोला के रूप में की गई। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, प्रथम दृष्टया मामला आग में फंसकर दम घुटने और जिंदा जलने का लग रहा है। हालांकि, मौत की सही वजह और समय का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

पुलिस फॉरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है और यह भी जांच की जा रही है कि गोदाम में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं।