भारत-नेपाल सीमा पर नेपाली तस्कर गिरफ्तार, 40.47 ग्राम हेरोइन बरामद
– एसएसबी और सोनौली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, डंडाहेड क्षेत्र में दबोचा गया आरोपी
– एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज, न्यायालय में पेशी के बाद भेजा गया जेल
फोटो कैप्शन : सोनौली कोतवाली में बरामद हेरोइन के साथ आरोपित व पुलिस टीम।
अरविंद कुमार (ब्यूरो चीफ नौतनवा)
नौतनवा : भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 66वीं वाहिनी एसएसबी और सोनौली पुलिस की संयुक्त टीम ने एक नेपाली तस्कर को 40.47 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
एसएसबी सीमा चौकी डंडाहेड के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार को सूचना मिली थी कि सीमा स्तंभ संख्या 518 के निकट ग्राम तिलहवा के रास्ते एक व्यक्ति हेरोइन लेकर नेपाल जाने वाला है। सूचना पर एसएसबी और सोनौली चौकी प्रभारी उमाकांत सरोज की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर भारत से नेपाल की ओर जा रहे संदिग्ध को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 40.47 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान रणवीर गुरूंग, निवासी झंडी बाजार, जिला रूपन्देही (नेपाल) के रूप में बताई। उसने स्वीकार किया कि वह नेपाल में हेरोइन की सप्लाई करता था और इसके बदले उसे 1200 नेपाली रुपये मिलते थे।
एसएसबी ने बरामद हेरोइन और गिरफ्तार आरोपी को अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए सोनौली पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।






