गोरखपुर ब्यूरो निष्पक्ष टुडे :-
सुबह से देर रात तक गूंजे पूजा-अर्चना के स्वर, भगवान नर्वदेश्वर के पूजन के लिए बड़ी संख्या में पहुंचीं महिलाएं; बालाजी सेवा समिति ट्रस्ट ने संभाली व्यवस्थाओं की कमान
गोरखपुर। गणेश चतुर्दशी और हरितालिका तीज के पावन अवसर पर श्री बालाजी मंदिर में आस्था और भक्ति का विशेष नजारा देखने को मिला। सुबह होते ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हुआ और देखते ही देखते बड़ी संख्या में मातृशक्तियां भगवान नर्वदेश्वर के पूजन-अर्चन के लिए पहुंच गईं।
जल, दूध, अक्षत और पुष्प से हुआ पूजन
श्रद्धालु महिलाओं ने भगवान नर्वदेश्वर को जल, अक्षत, दूध और पुष्प अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। धार्मिक अनुष्ठानों का यह सिलसिला सुबह से शुरू होकर देर रात तक चलता रहा।

मंदिर परिसर में दिनभर श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा। तीज के अवसर पर महिलाओं ने अपने परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलकामना के लिए भगवान से प्रार्थना की।
श्रद्धालुओं की सुविधा पर खास फोकस
धार्मिक आयोजन के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्था को लेकर भी विशेष ध्यान दिया गया। बालाजी सेवा समिति ट्रस्ट के अध्यक्ष जितेंद्र मणि तिवारी और उपाध्यक्ष अमितेश्वर कुमार दुबे की देखरेख में समिति के सदस्यों ने व्यवस्थाओं को संभाला।

आयोजकों के मुताबिक, कोशिश रही कि मंदिर पहुंचने वाले किसी भी श्रद्धालु को पूजा-अर्चना के दौरान परेशानी का सामना न करना पड़े।





