सीमा पर तस्करी का सामान बरामद, नौतनवा पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई
– भुंडी छठ घाट से यूरिया, कपड़ा और फ्लेवरड हुक्का बरामद
– नेपाल भेजने की तैयारी में रखा था सामान, कस्टम अधिनियम में कार्रवाई
– पुलिस, राजस्व और एसएसबी की संयुक्त टीम ने चलाया अभियान
फोटो कैप्शन : नौतनवा थाने में बरामद सामान के साथ एसएसबी व पुलिस की टीम।
अरविंद कुमार (ब्यूरो चीफ नौतनवा): भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नौतनवा पुलिस ने शुक्रवार की रात को बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्करी के सामान को बरामद किया है। पुलिस ने थाना क्षेत्र के भुंडी छठ घाट के पास से नौ बोरी भारतीय यूरिया, कपड़े के गठ्ठर और भारी मात्रा में फ्लेवरड हुक्का बरामद किया। बरामद सामान को नेपाल भेजने की तैयारी की जा रही थी।
थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। मौके से एक किलोग्राम के 324 पीस, 500 ग्राम के 12 पीस और 250 ग्राम के 528 पीस फ्लेवरड हुक्का बरामद किया गया। इसके साथ ही कपड़े के दो बड़े गठ्ठर और तीन छोटे गठ्ठर भी मिले।
पुलिस ने बरामद सामान की सूचना एसडीएम कुणाल, क्षेत्राधिकारी बसंत सिंह, नायब तहसीलदार सौरभ श्रीवास्तव को देकर मौके पर बुलाया। कस्टम अधिनियम की धारा 113 के तहत आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक प्रशांत दुबे, उपनिरीक्षक अनामिका चौहान, कांस्टेबल अनुज कुमार सिंह, रजनीश कुमार, अनुराग यादव, मनीष यादव, हिमांशु सिंह और महिला कांस्टेबल अंकिता यादव शामिल रहे।
वहीं राजस्व टीम में नायब तहसीलदार सौरभ श्रीवास्तव मय टीम तथा एसएसबी टीम में एसआई दीपक कर्माकर, हेड कांस्टेबल मिथलेश कुमार, कांस्टेबल जीडी धर्मेंद्र कुमार और एम. इलुमलाई शामिल रहे। संयुक्त कार्रवाई से सीमा क्षेत्र में सक्रिय तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।





