1.नौका विहार अग्निकांड में मृतक पुरुषोत्तम बेटे का जन्मदिन छोड़ कर ड्यूटी पर लौटा था
गोरखपुर।रामगढ़ताल थाना क्षेत्र रविवार को रेस्टोरेंट में लगी आग में मृत पाए गए पुरुषोत्तम अग्रहरि (46 वर्ष) के परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के बेटे अनूप ने बताया कि सहजनवा थाना क्षेत्र के बरईपार स्थित उनकी पैतृक जमीन चाचा द्वारा बेच दिए जाने के बाद पूरा परिवार मजबूरी में बलरामपुर जिले के तुलसीपुर स्थित ननिहाल में रहता है।
नानी की तबीयत लगातार खराब रहने के कारण परिवार वहीं बस गया। मौत की सूचना पर रविवार दोपहर में तुलसीपुर से मृतक का पुत्र अनूप, पत्नी पूनम और भतीजा दीपू गोरखपुर पहुंचे। अनूप के अनुसार, उसके पिता पुरुषोत्तम रामगढ़ताल क्षेत्र स्थित होटल में हाउसकीपिंग का काम कर रहे थे।तीन दिन पहले वह घर आए थे। शनिवार को अनूप का जन्मदिन था, लेकिन रेस्टोरेंट से लगातार फोन आने पर वह शुक्रवार को ही गोरखपुर लौट गए। रविवार सुबह होटल प्रबंधन की ओर से फोन आने पर परिवार को हादसे की जानकारी हुई। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुरुषोत्तम अपने पीछे पत्नी, बेटे के अलावा 14 वर्षीय बेटी अनन्या छोड़ गया है।
2. बहन से छेड़खानी का विरोध करने पर मनबढ़ों ने भाई का सिर फोड़ा
गुलरिहा ।थाना क्षेत्र में सातवीं कक्षा की एक छात्रा से छेड़खानी का विरोध करना उसके पिता और भाई को भारी पड़ गया। आरोपित मनबढ़ों ने दोनों को रास्ते में घेरकर बुरी तरह मारपीट की।इससे भाई के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित परिवार ने गुलरिहा पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार 14 वर्षीय छात्रा कई महीनों से गांव के एक युवक की हरकतों का शिकार हो रही थी। आरोपित से परेशान होकर छह माह पहले छात्रा अपने माता-पिता और भाई के साथ गांव छोड़कर दूसरे गांव के पुराने मकान में रहने चली गई थी लेकिन मनचला वहां भी उन्हें परेशान करने पहुंच गया।
कुछ दिन पहले छात्रा के भाई ने इसका विरोध किया था, जिस पर आरोपित धमकी देकर चला गया था। सोमवार की सुबह छात्रा के पिता और भाई घर जा रहे थे तभी आरोपित युवक अपने घरवालों के साथ पहुंचकर दोनों को रोक लिया और लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। हमले में भाई का सिर फट गया और हाथ में भी गंभीर चोटें आईं ।प्रभारी निरीक्षक गुलरिहा विजय प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

