गोरखपुर। सेंट जेवियर्स स्कूल, पाण्डेपार, कौड़ीराम, गोरखपुर के प्रांगण में 15 अगस्त 2026 को 80 वाँ स्वतंत्रता दिवस बड़े ही हर्षोल्लास, गरिमामय एवं देशभक्तिपूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री बृजनाथ राय रहे। मुख्य अतिथि श्री बृजनाथ राय एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री विशाल वर्मा ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इसके पश्चात राष्ट्रगान से पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति की भावना से गूंज उठा।

समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य श्री विशाल वर्मा ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा लेने तथा देश की एकता, अखंडता एवं विकास में अपना योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के प्रति प्रेम केवल भावनाओं तक सीमित न रहकर हमारे आचरण और कर्तव्यों में भी दिखाई देना चाहिए।







