मेधावी छात्र-छात्राओं को विद्यालय ने किया सम्मानित रोजगार मेले में युवाओं का हुआ चयन
मेधावी छात्र-छात्राओं को विद्यालय ने किया सम्मानित रोजगार मेले में युवाओं का हुआ चयन
विज्ञापन (ADVERTISEMENT)
*गोरखपुर।* गगहा क्षेत्र के लीलावती सिंह स्मारक इण्टर मीडिएट कॉलेज भैंसहा में हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को विद्यालय परिवार की ओर से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रतिभावान विद्यार्थियों को मेडल पहनाकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों की उपस्थिति से उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्वांचल पत्रकार एसोसिएशन के राष्ट्रीय महासचिव सुधाकर तिवारी ने मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करते हुए कहा कि परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता की असली कुंजी है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राएं सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर सफलता का नया इतिहास रच रहे हैं। ऐसे विद्यार्थियों की उपलब्धियां समाज के अन्य बच्चों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल अंक प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और समाज को नई दिशा देने का सशक्त आधार है। यदि विद्यार्थी लगन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विद्यालय के प्रबंधक राधामोहन सिंह ने कहा कि विद्यालय परिवार बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान करने का उद्देश्य अन्य छात्रों को भी शिक्षा के प्रति प्रेरित करना है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा एवं संस्कारों पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
हाईस्कूल में नितिन, आदिति गुप्ता एवं स्नेहा पाल तथा इण्टरमीडिएट में गरिमा प्रजापति, विनीत निषाद एवं अंशु सिंह ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य रविन्द्र कुमार, शिक्षक संजीव कुमार श्रीवास्तव, मोनू गुप्ता, दीनानाथ, रामसिंह सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।
इसी क्रम में विद्यालय प्रांगण में रविवार को रोजगार मेले का भी आयोजन किया गया। मेले में टाटा ग्रुप से जुड़ी कम्पनी द्वारा इण्टरमीडिएट उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं के लिए फीटर, इलेक्ट्रिक सहित विभिन्न तकनीकी विभागों हेतु चयन एवं पंजीकरण प्रक्रिया संपन्न कराई गई।
रोजगार मेले में करीब 50 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर अपनी योग्यता का प्रदर्शन किया। चयन प्रक्रिया के दौरान विद्यार्थियों में काफी उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर चयनित अभ्यर्थियों को बेहतर रोजगार अवसरों की जानकारी भी दी गई।
मुख्य रूप से शिवानन्द सिंह, अमित जायसवाल, पवन, संजय यादव एवं अजीत यादव सहित कई छात्र-छात्राओं का चयन किया गया। विद्यालय प्रशासन ने कहा कि इस प्रकार के रोजगार मेलों से ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे तथा उनमें आत्मनिर्भर बनने की भावना मजबूत होगी।