संवाददाता – एस.पी. सिंह
सहजनवा, (गोरखपुर)।
44 यूपी बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में कमांडिंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल रमन तिवारी के नेतृत्व में बुद्धा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, गीडा, गोरखपुर में आयोजित दस दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (सीएटीसी-174) के दूसरे दिन कैडेट्स को शस्त्र संचालन एवं फायरिंग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही संगीन युद्ध (बायोनेट फाइटिंग) का प्रदर्शन भी किया गया, जिसके माध्यम से कैडेट्स को सैन्य प्रशिक्षण की इस महत्वपूर्ण विधा से परिचित कराया गया।
शिविर में कैडेट्स को .22 रायफल के विभिन्न भागों की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके साथ ही रायफल को खोलने-जोड़ने, उसके सुरक्षित संचालन तथा निर्धारित पोजीशन में फायरिंग करने की तकनीक सिखाई गई। प्रशिक्षकों ने हथियारों के सुरक्षित उपयोग, रखरखाव और फायरिंग के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों से भी कैडेट्स को अवगत कराया। वहीं, संगीन युद्ध का प्रदर्शन कर कैडेट्स को इसके उद्देश्य, महत्व और सैन्य प्रशिक्षण में इसकी भूमिका की जानकारी दी गई।
शस्त्र एवं फायरिंग प्रशिक्षण के बाद एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर्स (एएनओ) द्वारा विभिन्न व्याख्यान सत्रों का आयोजन किया गया। इसमें कैडेट्स को एनसीसी के उद्देश्य, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, व्यक्तित्व विकास और राष्ट्र निर्माण में एनसीसी की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। व्याख्यान सत्र का संचालन मेजर डीएन मौर्य एवं लेफ्टिनेंट सुभाष चंद्र ने किया।
शिविर में उपस्थित अधिकारियों ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि एनसीसी प्रशिक्षण केवल सैन्य कौशल सीखने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कैडेट्स से शिविर के प्रत्येक प्रशिक्षण सत्र में पूरी गंभीरता और सक्रियता के साथ भाग लेने तथा इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।