गोरखपुर ब्यूरो निष्पक्ष टुडे :-
‘प्रेस से मिलिए’ कार्यक्रम में आईजी गोरखपुर जोन ने मिशन शक्ति, महिला सुरक्षा और पुलिस-जनता संवाद को लेकर रखी बड़ी बातें
गोरखपुर। गोरखपुर जर्नलिस्ट प्रेस क्लब में आयोजित ‘प्रेस से मिलिए’ कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) गोरखपुर जोन मुथा अशोक जैन ने महिला सशक्तिकरण, कम्युनिटी पुलिसिंग और जनसहभागिता को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग के साथ विश्वास और संवाद स्थापित करना भी है।

महिलाओं को मिलेगा खुलकर अपनी बात रखने का मंच :-
आईजी मुथा अशोक जैन ने बताया कि ‘मिशन शक्ति’ के तहत शुरू किए गए ‘बहू-बेटी सम्मेलन’ का उद्देश्य महिलाओं, विशेषकर नवविवाहित बहुओं को ऐसा सुरक्षित मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे बिना किसी झिझक के अपनी समस्याएं साझा कर सकें। उन्होंने कहा कि 15 से 35 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं को इस कार्यक्रम से जोड़ा जा रहा है और इसमें पुरुषों की भागीदारी नहीं रखी जाती, ताकि महिलाएं खुलकर अपनी बात रख सकें।







