प्रदेश
- ब्रेकिंग: सीएम योगी आज रात 9 बजे करेंगे बड़ी समीक्षा, कानून-व्यवस्था और त्योहारों को लेकर मंडलायुक्त, DM, SSP को सख्त निर्देश
लखनऊ।उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था को और अधिक चाक-चौबंद करने और आने वाले त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा एक्शन लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज रात 9 बजे प्रदेश के सभी मंडलायुक्त, पुलिस कमिश्नर, जिलाधिकारी, SSP/SP सहित सभी उच्च अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक करेंगे।
मुख्यमंत्री कार्यालय, लोक भवन, लखनऊ से 2 नवंबर 2026 को जारी पत्र संख्या 745/सी.एम.(आर)/2026 के अनुसार यह महत्वपूर्ण बैठक 03 नवंबर 2026, मंगलवार को सायं 09:00 बजे* आयोजित की जाएगी। यह पत्र मुख्यमंत्री के निजी सचिव जय शंकर सिंह द्वारा जारी किया गया है।
पत्र में किसे-किसे किया गया है शामिल?
इस हाईलेवल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में प्रदेश के पूरे प्रशासनिक और पुलिस अमले को शामिल किया गया है।
पत्र के अनुसार इसमें – मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश, अध्यक्ष राजस्व परिषद, कृषि उत्पादन आयुक्त, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त, पुलिस महानिदेशक, अपर मुख्य सचिव/प्रमुख सचिव/सचिव – गृह, सूचना एवं जनसंपर्क, राजस्व, ऊर्जा, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, आयुष, चिकित्सा शिक्षा, लोक निर्माण, कृषि, गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग, नगर विकास, औद्योगिक विकास, सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम, पशुधन, आबकारी, आवास एवं शहरी नियोजन, ग्राम्य विकास, पंचायती राज, परिवहन, ग्रामीण अभियंत्रण, सिंचाई, लघु सिंचाई, नमामि गंगे, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, खाद्य रसद एवं नागरिक आपूर्ति, बेसिक/माध्यमिक/उच्च शिक्षा, व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यम शीलता, समाज कल्याण/वन एवं पर्यावरण, पर्यटन, संस्कृति, धर्मार्थ कार्य, सहकारिता, श्रम एवं सेवायोजन, अध्यक्ष/प्रबंध निदेशक उ0प्र0 पॉवर कॉर्पोरेशन लि0, प्रबंध निदेशक, जल निगम, महानिदेशक, पीएसी, अपर पुलिस महानिदेशक, कानून व्यवस्था/अग्निशमन/112 आपातकालीन सेवा/महिला हेल्पलाइन/यातायात, राहत आयुक्त, आवास आयुक्त, सीईओ नोएडा/ग्रेटर नोएडा, यीडा, बीडा, यूपीडा शामिल होंगे।
इसके अलावा जिला स्तर पर सभी मंडलायुक्त, अपर पुलिस महानिदेशक (क्षेत्र), पुलिस आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक/उप महानिरीक्षक (परिक्षेत्र), जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, उपाध्यक्ष विकास प्राधिकरण, नगर आयुक्त, नगर निकाय के अधिशासी अधिकारी तथा उपरोक्त समस्त विभागों के मंडल/जिला स्तरीय उच्च अधिकारी भी इस वीसी में जुड़ेंगे।क्या होगा बैठक का मुख्य एजेंडा?
सूत्रों के अनुसार इस बैठक का मुख्य एजेंडा तीन बिंदुओं पर केंद्रित रहेगा।
1. कानून-व्यवस्था की समीक्षा: मुख्यमंत्री योगी की सबसे बड़ी प्राथमिकता प्रदेश में कानून का राज स्थापित करना है। इस बैठक में महिला सुरक्षा, मिशन शक्ति, थानों पर लंबित शिकायतों, भू-माफिया, माफिया के खिलाफ चल रहे अभियान, गैंगस्टर एक्ट और गुंडा एक्ट की कार्रवाई की समीक्षा होगी। सीएम अधिकारियों को जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करने का सख्त निर्देश दे सकते हैं।
2. आगामी त्योहारों की तैयारी: आने वाले दिनों में कई बड़े त्योहार हैं। ऐसे में जुलूस, शोभायात्रा, मेले और भीड़ प्रबंधन को लेकर व्यापक तैयारी जरूरी है। मुख्यमंत्री इस बात पर जोर दे सकते हैं कि सभी त्योहार शांति और सौहार्द के साथ मनाए जाएं, इसके लिए धर्मगुरुओं और शांति समितियों के साथ पहले से ही संवाद स्थापित किया जाए। डीजे, लाउडस्पीकर और भड़काऊ भाषणों पर पूरी तरह से रोक लगाने के निर्देश भी दिए जा सकते हैं।






