“19 अप्रैल को चरणपादुका कुटी पर होगा भव्य आयोजन”
“बेटियों को दिये जायेंगे जीवनोपयोगी उपहार”
ब्यूरो प्रभारी — विनय तिवारी
बड़हलगंज/गोरखपुर(निष्पक्ष टुडे): बड़हलगंज सामूहिक विवाह आयोजन के माध्यम से समाज में व्याप्त दहेज, भ्रूणहत्या, आडम्बर युक्त वैवाहिक समारोह जैसी कुरीतियों के विरुद्ध विगत 01 दशक से सक्रिय जनसेवा संस्था एक बार फिर से सामूहिक विवाह के माध्यम से बेटियों का कन्यादान करने जा रही है।
सोमवार को बड़हलगंज के मुक्तिपथ सभागार में पत्रकारों से मुखातिब जनसेवा संस्था के अध्यक्ष एवं नगरपंचायत बड़हलगंज चेयरमैन प्रतिनिधि महेश उमर के साथ महामंत्री सन्तोष जायसवाल व उपाध्यक्ष श्रीकान्त सोनी ने उक्त जानकारी देते हुये बताया कि आगामी 19 अप्रैल को जनसेवा संस्था के तत्वाधान में भव्य सामूहिक विवाह का आयोजन उपनगर बड़हलगंज स्थित ऐतिहासिक चरणपादुका कुटी पर सुबह 10 बजे से सम्पन्न होगा। समारोह में परिणयसूत्र में बंधने वाले युगलों को जीवनोपयोगी वस्तुयें उपहारस्वरूप दी जायेंगी।
सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पत्रकार वार्ता के माध्यम से जानकारी देते हुये बताया कि सामूहिक विवाह समारोह में हिन्दू जोड़ों का विवाह संस्कार सनातन पद्धति से विधिवत और मुस्लिम जोड़ों का निकाह मौलानाओं द्वारा सम्पन्न कराया जायेगा। विवाह में शामिल होने के लिये दूल्हे की बारात उपनगर के रामलीला बाग (नगर पंचायत बड़हलगंज कार्यालय के बगल में) से निकली जायेगी जो कॉलेज तिराहा, गोला तिराहा होकर गोला रोड पर स्थित चरण पादुका पर पहुंचेगी, जहां उनके धर्म के अनुसार उनका विवाह सम्पन्न होगा।
विवाह के लिये वर कन्या का पंजीकरण संस्था के उपाध्यक्ष श्रीकान्त सोनी के दीन दयाल चौक स्थित दुकान अंकित ज्वैलर्स पर आरम्भ हो चुका। इच्छुक लोग अपना पंजीयन करा सकते है।

