वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सुनीं जनसमस्याएं, त्वरित निस्तारण के दिए कड़े निर्देश
गोरखपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ कौस्तुभ के द्वारा पुलिस कार्यालय स्थित सभागार में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न थानों व कस्बों से अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे फरियादियों की शिकायतों को एसएसपी ने बेहद गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद, आपसी रंजिश, आपराधिक शिकायतों तथा थाना स्तर पर लंबित मामलों से जुड़ी कई अर्जियां प्राप्त हुईं। SSP ने मौके पर ही संबंधित क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को दूरभाष एवं पत्राचार के माध्यम से मामलों की निष्पक्ष जांच कर त्वरित निस्तारण करने के कड़े निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनसुनवाई में आने वाले प्रत्येक पीड़ित को समयबद्ध न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। थानों पर आने वाले फरियादियों के साथ शालीन व्यवहार करने और उनकी शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण ढंग से करने की हिदायत भी मातहतों को दी गई।






